केन्द्र सरकार की द्वेषपूर्ण नीति के विरोध में कांग्रेस आज देगी धरना
बैतूल। केन्द्र शासन से राज्य को सहायता राशि नहीं मिलने के विरोध में आज सोमवार को प्रदेश प्रदेश के आव्हान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन कर महामहीम राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता हेमंत पगारिया ने बताया कि इस वर्ष अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। इसलिए प्रदेश शासन ने केन्द्र से सहायता राशि की मांग की थी। लेकिन द्वेषपूर्ण राजनीति के चलते आज पर्यंत तक केन्द्र शासन ने राज्य को सहायता राशि उपलब्ध नहीं कराई है। केन्द्र सरकार की व्देषपूर्ण एवं भेदभाव नीति के खिलाफ कांग्रेस ने समूचे प्रदेश में प्रदर्शन कर महामहीम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत आज सुबह 11बजे जिला मुख्यालय स्थित जय स्तम्भ चौक कोठीबाजार पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कांग्रेस के सभी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, सभी पदाधिकारी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सहित संगठन के सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, पंचायत, नगरपालिकाओं के जनप्रतिनिधियों सहित सभी कांग्रेसजनों से केन्द्र सरकार की द्वेषपूर्ण नीति के विरुद्ध आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।