घोड़ाडोंगरी नगर परिषद के लिए 15 वार्डो की आरक्षण प्रक्रिया हुई संपन्न,लॉटरी सिस्टम से बच्चों ने निकाली चिट
बैतूल कीआवाज ꫰
घोड़ाडोंगरी नगर परिषद की अधिसूचना राज्य शासन से जारी होने के बाद शुक्रवार को वार्ड आरक्षण हेतु कार्यवाही ग्राम पंचायत घोडाडोंगरी में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी कुमार शानू देवड़िया, जनपद सीईओ दानिश अहमद खान, तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा सहित आम नागरिकों के बीच प्रातः 11 बजे आयोजित हुई। जिसमें जानकारी देते हुए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी कुमार शानू देवड़िया ने बताया कि नगर परिषद घोडाडोंगरी की अधिसूचना राज्य शासन से जारी की गई है जिसके तहत वार्डो के आरक्षण की कार्यवाही की जानी थी। जिसको लेकर वार्डो के आरक्षण हेतु लॉटरी सिस्टम के द्वारा बच्चों से चीट निकलवाई गई, तत्पश्चात वार्डो की स्थिति बताई गई। जिसमें शुक्रवार को 8 वार्ड महिलाओं, 7 वार्ड ओपन, 50 प्रतिशत रिजर्वेशन एससी/एसटी में वार्ड वार बाँटी गई। वहीं चुनाव को लेकर जो भी राज्य शासन के आदेश होंगे उस पर कार्यवाही की जाएगी, साथ ही प्रशासक की नियुक्ति की व्यवस्था हेतु जिले को जानकारी दे दी गई है उसके लिए भी राज्य शासन से आदेश के बाद कार्यवाही की जाएगी। नगर परिषद घोडाडोंगरी के अंतर्गत नगर पालिका आम निर्वाचन 2020 में वार्डवार स्थिति में वार्ड 1 चंद्रशेखर आजाद वार्ड अनुसूचित जाति, वार्ड 2 गुरुगोविंद सिंह वार्ड अनारक्षित (महिला), वार्ड 3 भगतसिंह वार्ड अनारक्षित (महिला), वार्ड 4 शहिद स्मारक वार्ड अनारक्षित (महिला), वार्ड 5 अंबेडकर वार्ड अनारक्षित, वार्ड 6 महावीर वार्ड अनारक्षित (महिला), वार्ड 7 शिवाजी वार्ड अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड 8 सरदार विष्णुसिंह वार्ड अनुसूचित जाति (महिला), वार्ड 9 बिरसा इवने वार्ड अनुसूचित जनजाति, वार्ड 10 महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड अनारक्षित, वार्ड 11 भोदेसिंह वार्ड अनारक्षित, वार्ड 12 तिलक वार्ड अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड 13 मंशु ओझा वार्ड अनुसूचित जनजाति, वार्ड 14 महात्मा गांधी वार्ड अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड 15 मंगल पांडे वार्ड अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया।