डीएफओ ने वन कर्मियों को साख कर्तन,कैम्पा मद रोपण रखरखाव की दी जानकारी

डीएफओ ने वन कर्मियों को साख कर्तन,कैम्पा मद रोपण रखरखाव की दी जानकारी
सामान्य वन मंडल दक्षिण बैतूल अंतर्गत सापना में हुआ कार्यशाला का आयोजन

बैतूल की आवाज꫰ तेंदूपत्ता तोडऩे का काम शुरू होने में भले ही अभी एक महीने से ज्यादा का समय बाकी है लेकिन इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। विभागीय कार्यशालाओं के साथ वन विभाग द्वारा अगामी समय में साख कर्तन का अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात पत्तों की प्रतीक्षा की जाएगी। वन विभाग इस प्रयास में भी है कि किसी तरह पत्तों को रोगों से बचाया जा सके। वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता कटाई से संबंधित कार्यशाला का आयोजन शनिवार सापना में किया गया। 
कार्यशाला में बैतूल सामान्य वन मंडल दक्षिण के अंतर्गत समस्त कर्मचारी, परिक्षेत्र अधिकारी ताप्ती, आमला, मुलताई, आठनेर, भैंसदेही, सावलमेंढा एवं समस्त परिक्षेत्र सहायक, बीट गार्ड, तेंदूपत्ता समिति प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यशाला में वन मंडल अधिकारी दक्षिण पीडी ग्रेवियाल द्वारा तेंदूपत्ता की कटाई एवं गुणवत्ता संग्रहण के साथ ही तेंदूपत्ता के संग्राहकों को मिलने वाली जनकल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए समितियों को निर्देशित किया गया। उप वन मंडल अधिकारी आमला तेजभान पांडे, उपमंडल अधिकारी मुलताई हरीश बघेल, उपमंडल अधिकारी भैंसदेही आशीष बंसल ने कैंपा मद रोपण रखरखाव, अग्नि सुरक्षा, वनों की सुरक्षा के बारे में कर्मचारियों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि कार्यशाला में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। कार्यशाला वन मंडल अधिकारी पीडी ग्रेवियाल के निर्देशन में आयोजित की गई।